— के.के. मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने शनिवार को थाना समाधान दिवस के अवसर पर संयुक्त रूप से कोतवाली खलीलाबाद पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का मौके पर पहुंचकर शत-प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि राजस्व एवं पुलिस विभाग से संबंधित मामलों का निस्तारण आपसी समन्वय के साथ किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने शिकायत पंजिका का भी निरीक्षण किया तथा पूर्व में निस्तारित शिकायतों के संबंध में फीडबैक लेकर उनकी गुणवत्ता की जानकारी प्राप्त की।
थाना समाधान दिवस के दौरान राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।