रिपोर्ट: राहुल मिश्रा
मिश्रिख (सीतापुर)। नगर पालिका परिषद मिश्रिख के मोहल्ला खाकी सराय, वार्ड नंबर-4 में स्थापित हाईमास्ट स्ट्रीट लाइट में करंट उतरने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि हाईमास्ट लाइट के समीप लगे सरकारी हैंडपंप में भी करंट आने की आशंका बनी हुई है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि कई बार संबंधित अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। लोगों ने समय रहते हाईमास्ट लाइट की तकनीकी जांच कराकर दोष दूर कराने की मांग की है, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
स्थानीय नागरिकों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर भी नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि शिकायत दर्ज कराने के लिए विभाग के सरकारी नंबर पर संपर्क करने पर अधिकांश समय फोन स्विच ऑफ मिलता है, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
मोहल्लेवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे।