मथुरा में 2.90 करोड़ की चोरी का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार; दो करोड़ नकद समेत 2.60 करोड़ की संपत्ति बरामद।

Spread the love

मथुरा। थाना जैंत पुलिस ने सुनरख क्षेत्र में हुई 2 करोड़ 90 लाख 10 हजार रुपये की सनसनीखेज चोरी का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के दो करोड़ रुपये नकद सहित कुल 2 करोड़ 60 लाख 12 हजार रुपये मूल्य की नकदी एवं संपत्ति बरामद की है। आरोपियों के पास से चोरी के पैसों से खरीदी गई लग्जरी कार, सोने-चांदी के आभूषण, महंगे मोबाइल फोन, ब्रांडेड घड़ियां, कपड़े, जूते, जिम व स्विमिंग किट तथा घटना में प्रयुक्त टाटा पंच कार भी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर सुनरख रोड से एनएच-19 की ओर जाने वाले मार्ग से राजन (फरीदाबाद), आलोक (कुशीनगर), प्रेम सागर और हीरेन (दोनों सूरत, गुजरात) को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों के विरुद्ध थाना जैंत में दर्ज मुकदमे में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस जांच में सामने आया कि गुजरात के गांधीनगर निवासी राकेश प्रजापति अपने पुत्र के वृंदावन स्थित आश्रम में रहने के बाद धार्मिक जीवन अपनाने के उद्देश्य से अपनी चल-अचल संपत्ति बेचकर सुनरख में रहने लगे थे। इस दौरान उनका संपर्क कथित रूप से किराये पर गेस्ट हाउस चलाने वाले आलोक और राजन से हुआ। आरोप है कि दोनों ने राकेश प्रजापति की जमा पूंजी की जानकारी अपने साथियों प्रेम सागर और हीरेन को दी तथा चोरी की साजिश रची।

योजना के तहत आलोक उन्हें प्लॉट दिखाने के बहाने मांट क्षेत्र ले गया, जबकि अन्य तीन आरोपियों ने फ्लैट का ताला और दरवाजा तोड़कर अलमारी एवं दीवान में रखे 2.90 करोड़ रुपये नकद चोरी कर लिए। बाद में आरोपियों ने शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। स्वास्थ्य खराब होने के कारण पीड़ित कुछ समय तक गुजरात चले गए, लेकिन बाद में थाना जैंत में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर विशेष टीमों का गठन किया और घटना का सफल खुलासा करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

बरामदगी में दो करोड़ रुपये नकद, एक वोल्क्सवैगन वर्टस कार, घटना में प्रयुक्त टाटा पंच कार, चार महंगे मोबाइल फोन, सोने-चांदी के आभूषण, ब्रांडेड जूते, कपड़े तथा अन्य कीमती सामान शामिल हैं।
इस कार्रवाई को थाना जैंत पुलिस एवं सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *