“एक पेड़ मां के नाम” अभियान को मिला जनसमर्थन, अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन ने लिया 500 पौधे लगाने का संकल्प।

Spread the love

कोसीकलां। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन, कोसीकलां इकाई ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण महाअभियान की शुरुआत की। हरिदास शीतल छाया ट्रस्ट परिसर में एक दर्जन से अधिक छायादार, फलदार एवं औषधीय पौधे लगाकर अभियान का शुभारंभ किया गया। संस्था ने नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में 500 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान से प्रेरित इस अभियान के अंतर्गत मंदिरों, पार्कों, विद्यालयों, सड़क किनारे एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा। संस्था ने पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनाने का भी संकल्प लिया है।

संस्था की अध्यक्ष रूपल जैन ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो आने वाले समय में पर्यावरण की तस्वीर बदल सकती है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उन्हें सुरक्षित रखकर वृक्ष बनाना है।

महामंत्री श्वेता जैन ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, घटते वन क्षेत्र और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों का प्रभावी समाधान अधिक से अधिक पौधारोपण में ही है। उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि प्रत्येक परिवार वर्ष में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल अपनी जिम्मेदारी समझे।

संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन का यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सामाजिक सहभागिता का भी प्रेरणादायी उदाहरण बनकर उभर रहा है। संस्था ने सभी नागरिकों से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से जुड़कर प्रकृति को हरा-भरा बनाने में अपना योगदान देने की अपील की।

इस अवसर पर रोशनी जैन, खुशबू गोयल, सपना जैन सहित संस्था की अनेक महिला सदस्यों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया। वहीं शीतल छाया ट्रस्ट के जे.पी. मिश्रा, रोशन लाल सोखिया, गोपाल गोयल एवं मुकेश वाष्णेय भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *