उर्वरक दुकानों पर कृषि विभाग ने की छापेमारी, दो लाइसेंस किये निलंबित; सात खाद नमूने जांच के लिए भेजे।

Spread the love

संत कबीर नगर। गुरुवार को जिलाधिकारी आलोक कुमार के निर्देश पर जिला कृषि अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार यादव ने बघौली क्षेत्र के उर्वरक प्रतिष्ठानों एवं गोदामों पर छापेमार निरीक्षण किया। इस दौरान 10 उर्वरक दुकानों की जांच की गई तथा 7 उर्वरक नमूने लेकर परीक्षण के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजे गए।

निरीक्षण के दौरान पीओएस (POS) मशीन में दर्ज स्टॉक का भौतिक स्टॉक से मिलान किया गया। साथ ही मौके पर मौजूद किसानों से उर्वरक वितरण की व्यवस्था और उपलब्धता के संबंध में जानकारी भी ली गई।

कार्रवाई के दौरान जनता खाद भंडार, देवापार तथा लतीफ खाद भंडार, काबरा के संचालक निरीक्षण के समय दुकान बंद कर फरार हो गए। इसे गंभीरता से लेते हुए दोनों प्रतिष्ठानों के उर्वरक लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए।

जिला कृषि अधिकारी ने सभी उर्वरक विक्रेताओं को निर्देश दिए कि किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के अनुसार ही खाद का वितरण सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान अब्दुल कादिर खाद भंडार (पचपोखरी), जनता खाद भंडार (पचपोखरी), आईएफएफडीसी पचपोखरी, साधन सहकारी समिति बसदीला, बाबूराम खाद भंडार (महानपार), चौधरी खाद भंडार (महानपार) तथा किसान खाद भंडार (माधोपुर) सहित कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।

डॉ. सर्वेश कुमार यादव ने बताया कि जनपद में यूरिया, डीएपी सहित सभी प्रमुख उर्वरकों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। वर्तमान में जिले में 18,304 मीट्रिक टन यूरिया तथा 4,908 मीट्रिक टन डीएपी उपलब्ध है। वहीं किसानों को अब तक 9,142 मीट्रिक टन यूरिया और 1,669 मीट्रिक टन डीएपी का वितरण किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि खरीफ सीजन की आवश्यकता के अनुरूप जनपद में उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है तथा किसानों से अपनी जोत के अनुसार ही खाद खरीदने की अपील की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *