केके मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार के निर्देश के क्रम में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी की अध्यक्षता में नीति आयोग भारत सरकार द्वारा विकसित नीति तारा (Toolkit for Analysis, Review and Action) टूल-किट के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया।
नीति आयोग, भारत सरकार की तरफ से विकास कुमार द्वारा उपस्थित अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनपद स्तरीय तथा विकास खंड स्तरीय अधिकारी आदि उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को बताया गया कि नीति तारा एक एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म है, इसके माध्यम से सभी संबंधित विभाग अपनी-अपनी विकास योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट सीधे ऑनलाइन अपलोड कर सकेंगे, साथ ही विभागों को दिए गए आईडी और पासवर्ड के माध्यम से वे अन्य विभागों की प्रगति रिपोर्ट का भी अवलोकन कर सकेंगे।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के लागू होने से सरकारी योजनाओं की मॉनिटरिंग आसान हो जाएगी।
उक्त प्रशिक्षण में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 रामानुज कनौजिया, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अजय कुमार श्रीवास्तव, उपायुक्त एनआरएलएम प्रवीण कुमार शुक्ला, परियोजना निदेशक विजयंत सिंह, उपायुक्त उद्योग विनोद कुमार वर्मा, खंड विकास अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।