विराट-अनुष्का ने वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज का लिया आशीर्वाद, गुरु पूर्णिमा से पहले पहुंचे नए आश्रम।

Spread the love

वृंदावन। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा बुधवार तड़के वृंदावन पहुंचे, जहां उन्होंने संत प्रेमानंद महाराज के नए आश्रम यमुना विहार कुंज में दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। दोनों सुबह करीब चार बजे आश्रम पहुंचे और सादगी के साथ नंगे पांव अंदर प्रवेश किया। बारिश के कारण रास्ते में कीचड़ होने के बावजूद विराट पूरे समय अनुष्का का हाथ थामे नजर आए।

आश्रम में मौजूद संत प्रेमानंद महाराज के शिष्यों ने दोनों का स्वागत किया। करीब एक घंटे तक आश्रम में रहने के बाद जब वे बाहर निकले तो विराट के माथे पर चंदन का तिलक और हाथ में प्रसाद दिखाई दिया।

इसके बाद दोनों महाराज के गुरु हित गोविंद शरण महाराज के आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने दर्शन कर आशीर्वाद लिया।यह पहली बार नहीं है जब विराट और अनुष्का संत प्रेमानंद महाराज से मिलने वृंदावन पहुंचे हों। इससे पहले आईपीएल खिताब जीतने के बाद जून में भी दोनों आश्रम आए थे और सत्संग में शामिल हुए थे। पिछले कुछ वर्षों में यह दंपति कई बार संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन कर चुका है और आध्यात्मिक कार्यक्रमों में नियमित रूप से भाग लेता रहा है।

इधर, संत प्रेमानंद महाराज के नए आश्रम यमुना विहार कुंज में 23 जुलाई से 29 जुलाई तक गुरु पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन प्रस्तावित है। इस दौरान देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं और शिष्यों के लिए अलग-अलग दिनों की व्यवस्था की गई है। 28 जुलाई तक महाराज श्रद्धालुओं को दर्शन देंगे, जबकि 29 जुलाई को विशेष कार्यक्रम के लिए केली कुंज आश्रम जाएंगे।

विराट और अनुष्का के इस आध्यात्मिक दौरे को लेकर आश्रम परिसर और श्रद्धालुओं के बीच खासा उत्साह देखने को मिला। हालांकि दर्शन व्यवस्था सामान्य रूप से संचालित होती रही और दोनों ने बिना किसी औपचारिकता के शांतिपूर्वक पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *