•मुकेश धनगर बोले- लोकतांत्रिक तरीके से छात्रों के न्याय और सम्मान की लड़ाई में सभी संगठन हों एकजुट।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर ने नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज की निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताया है। उन्होंने कहा कि 20 जुलाई को नीट पेपर लीक मामले और शिक्षा मंत्री को बर्खास्त करने की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर किया गया कथित लाठीचार्ज इस बात का संकेत है कि सरकार युवाओं की आवाज से डरती है।
मुकेश धनगर ने कहा कि जंतर-मंतर की घटना को लेकर विभिन्न वर्गों में चिंता है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार का रवैया दमनकारी और तानाशाहीपूर्ण है तथा छात्रों की लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने सभी सामाजिक संगठनों, छात्र संगठनों और विभिन्न राजनीतिक दलों से अपील की कि वे लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से एकजुट होकर छात्रों के अधिकारों और न्याय की लड़ाई में सहयोग करें।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि शिक्षा, न्याय और छात्रों के सम्मान की रक्षा के लिए समाज के सभी वर्गों को एकजुट होकर लोकतांत्रिक संघर्ष को मजबूत करना चाहिए।