संस्कृति विश्वविद्यालय के पास सड़क हादसे में युवा कारोबारी की मौत, अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस।

Spread the love

मथुरा। छाता क्षेत्र में शुक्रवार देर रात दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवा कारोबारी की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना हाईवे क्षेत्र स्थित राधा वैली निर्मला टावर निवासी 24 वर्षीय यश गर्ग, पुत्र हेमंत गर्ग, अपने एक मित्र के साथ थार वाहन से व्यापारिक कार्य के सिलसिले में दिल्ली गए थे। देर रात लौटते समय करीब 11:15 बजे संस्कृति विश्वविद्यालय के समीप उनकी गाड़ी की किसी अज्ञात वाहन से जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि यश गर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल केडी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

छाता कोतवाली के निरीक्षक अपराध ब्रजेंद्र राणा ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है तथा मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *