रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
सीतापुर। पुलिस अधीक्षक सीतापुर के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मिश्रिख पुलिस ने बैंक धोखाधड़ी के एक मामले में वांछित आरोपी महबूब आलम को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, वादी कौशल किशोर शुक्ला निवासी सीताकुंड, मिश्रिख ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एचडीएफसी बैंक शाखा मिश्रिख के कर्मचारियों ने उनकी एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसियों में नकद जमा की गई किश्तें जमा नहीं कीं। साथ ही उनकी जानकारी के बिना पॉलिसी में दर्ज मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी बदल दी गई तथा उनकी सहमति के बिना ऋण स्वीकृत कर धनराशि का दुरुपयोग किया गया। शिकायत में बैंक खाते के अनधिकृत संचालन और आर्थिक धोखाधड़ी का भी आरोप लगाया गया था।
मामले में थाना मिश्रिख पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना की गई। जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर महबूब आलम की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
महबूब आलम (32), पुत्र मंजूर आलम, निवासी सीताकुंड वार्ड नंबर-1, छप्पर वाली मस्जिद के पीछे, कस्बा एवं थाना मिश्रिख, जनपद सीतापुर।
गिरफ्तारी करने वाली टीम:
हेड कांस्टेबल राजकेबर, कांस्टेबल कमल सिंह, महिला कांस्टेबल पूजा यादव एवं महिला कांस्टेबल छाया देवी।