•बीएसए रतन कीर्ति का सख्त रुख, संचालन जारी रहा तो रोजाना 10 हजार अतिरिक्त जुर्माना
मथुरा। जिले में बिना मान्यता संचालित हो रहे विद्यालयों के खिलाफ बेसिक शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। विभागीय जांच में जिले के विभिन्न विकासखंडों एवं मथुरा नगर क्षेत्र में 35 अमान्य विद्यालय संचालित पाए गए। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने इन सभी विद्यालयों पर एक-एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
बीएसए ने संबंधित विद्यालय संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वे एक सप्ताह के भीतर विद्यालय की मान्यता प्राप्त करें अथवा विद्यालय का संचालन पूरी तरह बंद कर दें। निर्धारित अवधि के बाद भी बिना मान्यता विद्यालय संचालित पाए जाने पर प्रतिदिन 10 हजार रुपये का अतिरिक्त जुर्माना लगाया जाएगा। इसके साथ ही विद्यालय के प्रबंधक और प्रधानाचार्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई भी की जाएगी।
विभागीय जांच के दौरान बलदेव, चौमुहां, छाता, फरह, गोवर्धन, माठ, नंदगांव, राया और मथुरा नगर क्षेत्र में बिना मान्यता विद्यालय संचालित होने की पुष्टि हुई थी। विभाग की ओर से संबंधित विद्यालय संचालकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने के बाद अब जुर्माने की कार्रवाई की गई है।
बीएसए रतन कीर्ति ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अमान्य विद्यालयों का संचालन तत्काल बंद कराएं। साथ ही ऐसे विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों का दाखिला नजदीकी परिषदीय अथवा मान्यता प्राप्त विद्यालयों में कराया जाए, ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना मान्यता विद्यालयों का संचालन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा और निर्देशों की अनदेखी करने वाले संचालकों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


