हरिद्वार से अरविंद गोयल की रिपोर्ट।
हरिद्वार। विश्वप्रसिद्ध तीर्थनगरी हरिद्वार में गणपति परिवार संघ की ओर से मन्नत गणेश जी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्त शामिल हुए और पूरे मार्ग में भगवान गणेश के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
शहर के मध्य स्थित श्रवण नाथ मठ ज्ञान मंदिर लाइब्रेरी में 14 सितंबर से 25 सितंबर तक श्रद्धालुओं द्वारा मन्नत गणेश जी की प्रतिदिन सुबह-शाम विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की गई। इसके उपरांत 24 सितंबर की रात्रि में भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने भक्तिमय भजनों का आनंद लिया। इस अवसर पर भंडारे का भी आयोजन हुआ।
25 सितंबर की सुबह श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ हवन-पूजन कर धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया। इसके बाद शाम को मन्नत गणेश जी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा श्रवण नाथ मठ ज्ञान मंदिर लाइब्रेरी से प्रारंभ होकर हनुमान घाट, कुशावर्त घाट, गऊ घाट, मोती बाजार, बड़ी सब्जी मंडी चौक, राम घाट, विष्णु घाट, भोला गिरि रोड, ललतारौ पुल, पोस्ट ऑफिस, अपर रोड तथा हरकी पैड़ी से होते हुए पुनः श्रवण नाथ मठ ज्ञान मंदिर लाइब्रेरी पहुंचकर संपन्न हुई।
शोभायात्रा में दिल्ली के जिया बैंड ने आकर्षक प्रस्तुति दी। इसके साथ ही सुंदर नृत्य एवं धार्मिक झांकियां भी प्रस्तुत की गईं, जिन्हें देखने के लिए जगह-जगह श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी रही।
इस अवसर पर राम घाट बाजार अध्यक्ष निखिल त्यागी, नगर निगम पार्षद हिमांशु गुप्ता एवं राघव गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग और श्रद्धालु मौजूद रहे।


