•डीएम ने ‘प्रथम आवक-प्रथम पावक’ के आधार पर 194 लाभार्थियों को तत्काल ई-कुबेर से भुगतान के दिए निर्देश
के.के. मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। जिलाधिकारी अनुज मलिक की अध्यक्षता में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पिछड़ा वर्ग शादी अनुदान योजनान्तर्गत जनपद स्तरीय स्वीकृति समिति (DLC) की बैठक कलेक्ट्रेट कक्ष में आयोजित हुई। बैठक में योजना की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा करते हुए विभागीय स्तर पर सत्यापित एवं संस्तुत 651 पात्र आवेदकों को अनुदान की स्वीकृति प्रदान की गई। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) सत्य प्रकाश एवं मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी उपस्थित रहे।
बैठक में जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रवीश चंद्र ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में संत कबीर नगर के लिए 1,200 लाभार्थियों का वार्षिक लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके सापेक्ष अब तक कुल 1,375 ऑनलाइन आवेदन पूर्ण रूप से प्राप्त हुए हैं। योजना के पूर्व चरणों में 406 लाभार्थियों को ई-कुबेर प्रणाली के माध्यम से 81.20 लाख रुपये की धनराशि का सफलतापूर्वक भुगतान किया जा चुका है।
जिलाधिकारी ने समिति की बैठक में विभागीय स्तर पर सत्यापित एवं संस्तुत पिछड़ी जाति के 651 पात्र आवेदकों के प्रकरणों की समीक्षा की, जिसके बाद समिति द्वारा उन्हें अनुदान के लिए स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में बताया गया कि वर्तमान में प्रथम किस्त के अवशेष बजट 38.80 लाख रुपये से ‘प्रथम आवक-प्रथम पावक’ के आधार पर 194 पात्र आवेदकों को 20 हजार रुपये प्रति लाभार्थी की दर से तत्काल ई-कुबेर के माध्यम से भुगतान की कार्यवाही की जा रही है।
वहीं, शेष 457 स्वीकृत पात्र आवेदकों के भुगतान के लिए द्वितीय किस्त के रूप में 91.40 लाख रुपये का मांग पत्र 22 सितंबर 2026 को निदेशालय को भेजा जा चुका है। बजट प्राप्त होते ही इन लाभार्थियों को भी प्राथमिकता के आधार पर ई-कुबेर के माध्यम से सीधे भुगतान सुनिश्चित किए जाने के निर्देश जिलाधिकारी ने दिए।
बैठक में उप जिलाधिकारी खलीलाबाद हृदय राम तिवारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रवीश चंद्र, विधायक खलीलाबाद के प्रतिनिधि मुरलीधर सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


