रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। मथुरा-वृंदावन के बीच चल रही छोटी रेलवे लाइन का प्रस्ताव आखिरकार निरस्त कर दिया गया है। अब ब्रजवासियों और समाजसेवियों की मांग है कि उसी पुराने रेलवे ट्रैक पर फोरलेन सड़क मार्ग बनाया जाए। इस फैसले से पूरे ब्रज में खुशी की लहर है।
गुरुवार को डैम्पियर नगर में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रमुख समाजसेवी कुंवर नरेंद्र सिंह ने कहा कि मथुरा से वृंदावन तक फोरलेन सड़क बनाया जाना चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को जाम से राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि इस मांग को लेकर वे लगातार संघर्ष करते रहे। धार्मिक पर्वों और बड़े आयोजनों के समय मथुरा-वृंदावन में भयंकर जाम लगता है। श्रद्धालु घंटों जाम में फंसे रहते हैं। इसलिए एक वैकल्पिक मार्ग बहुत जरूरी था।
*डीआरएम से भी मिले, जनार्दन शर्मा से भी की बात*
कुंवर नरेंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने समय-समय पर डीआरएम से भी मुलाकात की और इस मामले में अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि जनार्दन शर्मा से भी उन्होंने इस विषय पर बात की और एक बार दूरभाष पर भी बात हुई।
उन्होंने कहा कि सांसद हेमा मालिनी ने भी ब्रजवासियों के लिए भरसक प्रयास किया कि फोरलेन बने। सांसद के प्रयासों से ही इस मांग को मजबूती मिली।
इस सफलता के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सांसद हेमा मालिनी और श्रीकृष्ण जन्मभूमि ट्रस्ट के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र का धन्यवाद किया।
*पर्यटकों को मिलेगा लाभ, व्यापार भी बढ़ेगा*
कुंवर नरेंद्र सिंह ने कहा कि ब्रज में बाहर से पर्यटक आते हैं। उनको फोरलेन का लाभ मिले, जिससे कि पर्यटकों का आना-जाना सुगम हो सके और वे बार-बार ब्रज में दर्शन करने आएं।
उन्होंने कहा कि पर्यटक बार-बार आएंगे तो व्यापार भी बढ़ेगा। होटल, गेस्ट हाउस और खान-पान के बड़े रेस्टोरेंटों में खा-पी सकेंगे। पर्यटकों को कोई असुविधा न हो, हमारा भी यही प्रयास है।
शासन-प्रशासन भी यही चाहता है कि पर्यटक ज्यादा से ज्यादा आएंगे तो हर तरह का व्यापार बढ़ेगा। इसलिए फोरलेन आवश्यक है। मथुरा से वृंदावन जाना सभी के लिए फोरलेन लाभदायक है।
*क्या था मामला?*
मथुरा और वृंदावन के बीच करीब 11.8 किलोमीटर लंबी मीटरगेज रेल लाइन थी। वर्ष 2022 में रेलवे ने इसे ब्रॉडगेज में बदलने का निर्णय लिया था। इसके लिए करीब 400 करोड़ रुपये की लागत से परियोजना तैयार की गई थी और वर्ष 2023 में ब्रॉडगेज का काम शुरू भी कर दिया गया था।
लेकिन ब्रजवासियों ने इस परियोजना का विरोध शुरू कर दिया। उनका कहना था कि ब्रॉडगेज लाइन बनने के बाद कई स्थानों पर अंडरपास और फुट ओवरब्रिज बनाए जाएंगे, जिससे शहर में जाम की समस्या बढ़ेगी और शहर दो हिस्सों में बंट जाएगा।
विरोध के बाद ब्रॉडगेज का काम रोक दिया गया और वर्ष 2025 में रेलवे ने इस रेल लाइन को स्थायी रूप से बंद करने का निर्णय ले लिया।
*अब क्या होगा?*
अब पुराने रेलवे ट्रैक पर करीब 12 किलोमीटर लंबा फोरलेन कॉरिडोर विकसित करने की योजना है। पहले चरण में मछली फाटक से मसानी तक करीब 4 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड बनाया जाएगा।
इससे मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मस्थान और वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर के साथ मसानी पर राष्ट्रीय राजमार्ग को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क बनने से मथुरा और वृंदावन के बीच यातायात और तीर्थ यात्रियों की आवाजाही काफी सुगम हो जाएगी। ब्रजवासियों को उम्मीद है कि जल्द ही फोरलेन का काम शुरू होगा और ब्रज का विकास और तेजी से होगा।


