रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। मथुरा-वृंदावन नगर निगम द्वारा यम द्वितीया (भाई दूज) के पावन पर्व पर यमुना तट पर आने वाले श्रद्धालुओं एवं स्नानार्थियों की सुविधा तथा सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। इन व्यवस्थाओं की धरातलीय हकीकत परखने के लिए नगर आयुक्त श्री ओजस्वी राज ने नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों और क्षेत्रीय पार्षदों के साथ घाटों का सघन स्थलीय निरीक्षण किया। e012
निरीक्षण अभियान की शुरुआत कच्चे घाट से हुई, जिसके बाद बंगाली घाट, राजा घाट, स्वामी घाट, विश्राम घाट और वहां स्थित यम-यमुना जी मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया गया। इस दौरान नगर आयुक्त के साथ अपर नगर आयुक्त श्री अनिल कुमार, क्षेत्रीय पार्षद श्री संतोष पाठक एवं नगर निगम के संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
घाटों पर की गई व्यवस्थाएं
नगर निगम मथुरा-वृंदावन द्वारा श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन और स्नान के लिए घाटों और उनसे जुड़ने वाले प्रमुख संपर्क मार्गों पर 24 घंटे उच्चस्तरीय सफाई बनाए रखने के लिए विशेष टीमों की तैनाती की गई है।
इसके साथ ही यमुना नदी के गहरे जल क्षेत्रों में बैरिकेडिंग करने के अलावा श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए प्रशिक्षित गोताखोरों की सतत तैनाती, लाइफ जैकेट की उपलब्धता, चेतावनी बोर्ड और लाउडस्पीकर के जरिए नियमित अनाउंसमेंट की व्यवस्था की गई है।
इसके अतिरिक्त यमुना के दोनों तटों, कच्चे-पक्के घाटों और पहुंच मार्गों पर पर्याप्त रोशनी के लिए स्थाई लाइटों को दुरुस्त करने के साथ अतिरिक्त अस्थाई लाइटें लगाई गई हैं, वहीं नागरिक सुविधाओं के रूप में महिला व पुरुष श्रद्धालुओं के लिए पृथक चेंजिंग रूम, शुद्ध पेयजल टैंकर, मोबाइल टॉयलेट्स, खोया-पाया केंद्र और आकस्मिक चिकित्सा हेतु स्वास्थ्य शिविरों का संचालन शुरू कराया गया है।
अधिकारियों को दिए निरंतर निगरानी के निर्देश
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पर्व की समाप्ति तक सभी व्यवस्थाओं की निरंतर मॉनिटरिंग की जाए।
इससे पहले 2 नवंबर को नगर निगम कार्यालय, भूतेश्वर में नगर आयुक्त ओजस्वी राज की अध्यक्षता में बैठक भी आयोजित की गई थी। इसमें समाजसेवी गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी, क्षेत्रीय पार्षदों और संबंधित विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया था। बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, घाटों की स्वच्छता, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई थी।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि यम द्वितीया पर्व से पहले सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा में पूरी होनी चाहिए, ताकि बाहर से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।


