•मां चंडी देवी मंदिर में ध्वजारोहण, कन्या पूजन के बाद श्रद्धालुओं को बांटा प्रसाद।
हरिद्वार से अरविंद गोयल की रिपोर्ट।
हरिद्वार (उत्तराखंड)। चंडी चौदस के अवसर पर माला कंठी एवं ज्वैलरी समिति की ओर से धार्मिक कार्यक्रमों के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां चंडी देवी मंदिर में ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके बाद चंडी घाट स्थित सिद्धबली हनुमान मंदिर में कन्या पूजन किया गया।
इस दौरान मां भगवती की सुंदर झांकियां सजाई गईं और भजन-कीर्तन के माध्यम से माता का गुणगान किया गया। धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समिति की ओर से सुबह 11 बजे भंडारा शुरू किया गया, जो शाम चार बजे तक चला। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों ने प्रसाद ग्रहण किया। शाम को समिति की ओर से हलवे का प्रसाद भी वितरित किया गया। बाजार के दुकानदारों सहित अन्य लोगों ने भी प्रसाद ग्रहण किया।
आयोजन के दौरान धार्मिक वातावरण बना रहा। समिति की इस पहल में श्रद्धालुओं और स्थानीय दुकानदारों ने सहभागिता की।


