35 वर्षों से समाजसेवा में सक्रिय होने का दावा, बोले- जनता के लिए 24 घंटे खुले रहेंगे दरवाजे।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। प्रमुख समाजसेवी कुंवर नरेंद्र सिंह के आवागढ़ स्थित डेम्पियर नगर आवास पर प्रतिदिन जनता दरबार लगने का दावा किया जाता है। यहां जनपद के दूर-दराज क्षेत्रों से लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचते हैं। समर्थकों का कहना है कि कुंवर नरेंद्र सिंह पिछले 35 वर्षों से समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय हैं और लोगों के सुख-दुख में शामिल होते रहे हैं।
समर्थकों और कुछ ग्रामीणों के बीच उन्हें सांसद या विधायक बनाकर क्षेत्र के विकास की जिम्मेदारी सौंपने की मांग उठ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि गांवों में नाली, खड़ंजा, बारातघर, स्ट्रीट लाइट, स्कूल, कॉलेज और अस्पताल जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होना चाहिए। इसके साथ ही मथुरा में उद्योग, फैक्ट्रियां और चीनी मिल स्थापित कर युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की जरूरत है।
ग्रामीणों ने पेयजल की समस्या दूर करने के लिए पानी की टंकियां बनवाने, नहरों की मरम्मत कराने और किसानों के लिए सिंचाई की समुचित व्यवस्था करने की मांग भी उठाई। उनका कहना है कि गांवों में बुनियादी सुविधाएं बेहतर होने से ग्रामीण जीवन स्तर में सुधार होगा।
इस संबंध में कुंवर नरेंद्र सिंह ने कहा, “मेरे निवास के दरवाजे 24 घंटे खुले थे, खुले हैं और खुले रहेंगे। मैं हमेशा जनता के बीच रहने के लिए प्रतिबद्ध हूं। जनता जिस विश्वास के साथ मुझे चुनाव में लाना चाहती है, मैं उनकी भावनाओं का सम्मान करता हूं।”
कुछ ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव के दौरान किए गए विकास के वादे अक्सर पूरे नहीं होते। बारिश के मौसम में जलभराव और खराब रास्तों के कारण ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ती है।
ग्रामीणों का कहना है कि वे ऐसे जनप्रतिनिधि को प्राथमिकता देना चाहते हैं, जो गांवों की समस्याओं को समझे और उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास करे।


