•जल्द 1100 मरीजों को एक साथ गोद लेने का ऐलान, सीएमओ ने सराहा प्रयास।
रिपोर्ट: मनोज अग्रहरि
चुनार, मीरजापुर। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत चुनार के गांधी पार्क में एक सराहनीय पहल देखने को मिली। वाराणसी की सर्वम सेवा संस्था ने जिले के 501 चिन्हित टीबी मरीजों को पोषण किट वितरित कर उन्हें गोद लिया।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. के.के. मिश्रा मुख्य रूप से मौजूद रहे।
उन्होंने संस्था के इस प्रयास की सराहना की और लोगों से निक्षय मित्र बनकर आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि टीबी को हराने के लिए नियमित दवा के साथ-साथ पौष्टिक आहार बेहद जरूरी है। सभी मरीज समय से दवा लें और चिकित्सकों की सलाह का पालन करें।
संस्था की संस्थापक मीनाक्षी भट्टाचार्या और उनके पति संजय भट्टाचार्या ने सहयोग के लिए सभी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उनका अभियान आगे भी जारी रहेगा और आने वाले दिनों में जिले के 1100 टीबी मरीजों को एक ही दिन एक मंच से गोद लिया जाएगा।
डिप्टी सीएमओ डॉ. मुकेश प्रसाद ने सरकारी अस्पतालों में टीबी जांच और इलाज की उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। सीएचसी प्रभारी डॉ. राकेश कुमार ने मरीजों से स्वस्थ होने के बाद अन्य लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन डिस्ट्रिक्ट कोआर्डिनेटर सतीश शंकर यादव ने किया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और टीबी चैंपियन मौजूद रहे।


