मांगें पूरी नहीं हुईं तो 16 अक्टूबर से भूख हड़ताल और सेवाएं ठप करने की चेतावनी
बस्ती। उत्तर प्रदेश एड्स कंट्रोल सोसाइटी कर्मचारी संघ ने कर्मचारियों ने लंबित मांगों को लेकर आंदोलन तेज कर दिया है। बुधवार को संघ की अध्यक्ष ज्योत्सना गुप्ता, महामंत्री सपना सिंह के नेतृत्व में कर्मचारियों ने जिला चिकित्साल, सी.एच.सी., पी.एच.सी. पर 10 सूत्रीय मांगों को लेकर 2 घंटे तक कार्य बहिष्कार किया। चेतावनी दिया कि मांगे न मानी गई तो 15 अक्टूबर को लखनऊ के इको गार्डन पार्क में विशाल धरना प्रदर्शन के बाद 16 अक्टूबर से भूख हड़ताल के साथ प्रदेश में एचआईवी/एड्स से संबंधित सेवाएं स्थगित कर दिया जायेगा।
संघ की अध्यक्ष ज्योत्सना गुप्ता ने बताया कि संघ की प्रमुख मांगों में कर्मचारियों का नियमितीकरण, नियमितीकरण न होने तक जॉब की सुरक्षा, 20 प्रतिशत अतिरिक्त मासिक पारिश्रमिक का भुगतान किये जाने, , 30 लाख रुपये के ग्रुप टर्म इंश्योरेंस का लाभ, तीन वर्ष के दौरान निकाले गए कर्मचारियों का पुनः समायोजन आदि की मांग शामिल है।
इसके अलावा 10 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके कर्मचारियों को अतिरिक्त अंक एवं आयु सीमा में पांच वर्ष की छूट देने, स्थानांतरण नीति लागू करने और कार्यस्थल पर कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी शामिल है।
कार्य बहिष्कार करने वालों में प्रदेश उप कोषाध्यक्ष श्रवण कुमार पाण्डेय, आलोक कुमार लाल, अर्चना श्रीवास्तव, सीमा गुप्ता, ममता पाठक, राज नारायण तिवारी, श्रीनाथ मणि, सुयश श्रीवास्तव, रितेश प्रताप सहित अन्य पदाधिकारी, कर्मचारी शामिल रहे।


