मथुरा। मथुरा-वृंदावन नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने वार्ड संख्या 47 स्थित द्वारिकापुरी में साफ पानी के जलाशय (सीडब्ल्यूआर) का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने यहां से संचालित जलापूर्ति व्यवस्था का जायजा लिया। महाप्रबंधक जलकल मोहम्मद अनवर ख्वाजा ने बताया कि इस सीडब्ल्यूआर से वार्ड संख्या 54, 47, 44 और 37 में सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक जलापूर्ति की जाती है।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों से मोटरों की क्षमता, जलापूर्ति के समय और किन क्षेत्रों में पानी पहुंचता है, इसकी पूरी जानकारी ली। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी बात की और पूछा कि समय पर पानी मिल रहा है या नहीं और टंकी ओवरफ्लो होने पर सूचना कैसे मिलती है।
नगर आयुक्त ने कहा कि नागरिकों को नियमित और साफ पेयजल मिलना चाहिए, इसमें कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
इस दौरान अवर अभियंता श्रीमती प्रतिभा ओझा भी मौजूद रहीं।


