डीएम अनुज मलिक ने दिए निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतदान कराने के निर्देश, संत कबीर नगर में बनाए गए 7 मतदान केंद्र
संत कबीर नगर। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को सकुशल, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अनुज मलिक की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में निर्वाचन कार्मिकों का प्रथम प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी एवं माइक्रो ऑब्जर्वर शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने निर्वाचन कार्मिकों को अपने दायित्वों का विधिवत प्रशिक्षण प्राप्त करने तथा मतदान से पूर्व संबंधित मतदान केंद्रों का भ्रमण करने के निर्देश दिए, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए। बैलेट पेपर से मतदान होने के कारण मतदेय स्थलों पर मतदान की गोपनीयता बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि जनपद संत कबीर नगर में कुल 7 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 1,540 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान 23 अक्टूबर 2026 को प्रातः 8 बजे से शाम 4 बजे तक कराया जाएगा।
प्रशिक्षण के दौरान उपायुक्त श्रम एवं रोजगार डॉ. प्रभात द्विवेदी ने निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार मतदान अधिकारियों के दायित्वों एवं मतदान प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। इसमें मतदान सामग्री की जांच एवं सुरक्षा, मतदाता सूची, मतदान अभिकर्ताओं की नियुक्ति, मतपेटिका की तैयारी, बैलेट बॉक्स खोलने एवं सील करने की प्रक्रिया, मतपत्र लेखा तैयार करने, मतदाताओं की पहचान तथा मतदान के दौरान उत्पन्न होने वाली विभिन्न परिस्थितियों से निपटने के तरीकों के बारे में बताया गया।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी खलीलाबाद हृदय राम तिवारी, उप जिलाधिकारी धनघटा वीरेंद्र प्रसाद गुप्ता, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अजय कुमार श्रीवास्तव, उप कृषि निदेशक डॉ. राकेश कुमार सिंह, बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी विनय कुमार सिंह, उपायुक्त उद्योग विनोद कुमार वर्मा, सहायक आयुक्त उद्योग जितेंद्र कुमार गौतम, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रवीश चंद्र, जिला कृषि अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार यादव, खंड शिक्षा अधिकारी खलीलाबाद महेंद्र प्रसाद सहित अन्य अधिकारी एवं निर्वाचन कार्मिक उपस्थित रहे।


