रिपोर्ट: मनोज अग्रहरि
मिर्जापुर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में माननीय जनपद न्यायाधीश / अध्यक्ष, श्री अनुपम कुमार के आदेशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मिर्जापुर द्वारा केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुँचाने तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बृहद मेगा कैम्प का आयोजन किया जा रहा है।
इस मेगा कैम्प का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक शासन द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाना, पात्र व्यक्तियों की पहचान करना तथा उन्हें संबंधित विभागों के माध्यम से योजनाओं से आच्छादित कराना है। कैम्प के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के साथ-साथ आवश्यक दस्तावेजों, पंजीकरण, ई-केवाईसी एवं आवेदन संबंधी प्रक्रियाओं में सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का प्रयास है कि कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी के अभाव, दस्तावेजों की कमी अथवा प्रक्रियागत कठिनाइयों के कारण सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। इस उद्देश्य की पूर्ति हेतु संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समन्वय से पात्र लाभार्थियों को चिह्नित कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने की कार्यवाही की जाएगी।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आमजन को उनके विधिक अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी भी प्रदान की जाएगी, ताकि जरूरतमंद व्यक्ति अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर शासन की योजनाओं का समुचित लाभ प्राप्त कर सकें।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मिर्जापुर आनन्द कुमार ।। की अपील है कि आमजन मेगा कैम्प में पहुँचकर संबंधित योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ उठाएँ।


