जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के पैर में लगी गोली, दो अवैध तमंचे और कारतूस बरामद।
रिपोर्ट : विजय नागपाल।
मथुरा। थाना हाईवे क्षेत्र के बाजना में जमीन विवाद को लेकर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार तड़के मुठभेड़ के दौरान दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कनक पुत्र कमल सिंह निवासी कोटा तथा करन पुत्र भूरी सिंह निवासी बाटी, थाना जैत, जनपद मथुरा के रूप में हुई है। दोनों आरोपी 5 अक्टूबर को बाजना में जमीन विवाद को लेकर हुई फायरिंग की घटना के मामले में वांछित थे।
पुलिस के मुताबिक, 16 अक्टूबर की रात करीब 3:25 बजे मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर रोमेक्स स्कूल जाने वाले कच्चे रास्ते पर कार्रवाई की गई। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में कनक के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, .315 बोर के चार जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


