ब्लिंकिट और जेप्टो समेत कई प्रतिष्ठानों से कुट्टू के आटे, घी, बादाम दूध और आइसक्रीम के नमूने जांच को भेजे
मथुरा। नवरात्र पर्व पर श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने मथुरा-वृंदावन में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान कुट्टू के आटे, घी, बादाम दूध और आइसक्रीम के नमूने संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। कार्रवाई के दौरान 26 हजार रुपये मूल्य का घी सीज किया गया।
जिलाधिकारी सीपी सिंह के निर्देशों के अनुपालन में चलाए जा रहे अभियान के तहत सहायक आयुक्त (खाद्य) एवं अभिहित अधिकारी डॉ. जतिन कुमार सिंह ने बताया कि मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी केके त्रिपाठी के नेतृत्व में खाद्य सचल दल ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की।
खाद्य सुरक्षा टीम ने वृंदावन के चैतन्य विहार, सुनरख और राजपुर स्थित ब्लिंकिट प्रतिष्ठानों के अलावा मथुरा के डैम्पियर नगर एवं टाउनशिप स्थित ब्लिंकिट प्रतिष्ठानों तथा गोविंद नगर स्थित जेप्टो प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। इस दौरान कुट्टू के आटे और घी के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए। साथ ही 26 हजार रुपये मूल्य का घी सीज किया गया।
अभियान के दौरान कालीचरण मिठाई वाले के प्रतिष्ठान से बादाम दूध तथा छाता स्थित क्रीमबेल इंडस्ट्रीज से आइसक्रीम का नमूना भी संग्रहित किया गया। विभाग के अनुसार, प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई करने वाली टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी मोहर सिंह कुशवाह, राम नरेश, नेहा सिंह, दिनेश भारती और धर्मेंद्र सिंह शामिल रहे।
डॉ. जतिन कुमार सिंह, सहायक आयुक्त (खाद्य) एवं अभिहित अधिकारी, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, मथुरा ने बताया कि नवरात्र के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण एवं नमूना संग्रह की कार्रवाई जारी रहेगी।


