•121 कलशों के साथ मातृशक्ति ने किया पथ संचलन, पंचामृत से हुआ मां भगवती का महाभिषेक।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। धर्मनगरी मथुरा में मां वैष्णो देवी मित्र मंडल के तत्वावधान में आयोजित मां वैष्णो देवी की 20वीं भव्य शोभायात्रा श्रद्धा, आस्था और भक्तिभाव के साथ धूमधाम से निकाली गई। शोभायात्रा में 121 कलश धारण कर मातृशक्ति ने पथ संचलन किया। भव्य झांकियों, भक्ति संगीत और मां भगवती के जयकारों से नगर का वातावरण भक्तिमय हो उठा।

शोभायात्रा का शुभारंभ स्वामी घाट से हुआ। शोभायात्रा चौक बाजार, मंडी रामदास और डीग गेट होते हुए अंगूरी वाटिका पहुंचकर संपन्न हुई। शोभायात्रा में धर्म ध्वजा के साथ भगवान गणेश, श्रीराम दरबार, मेहंदीपुर बालाजी, राधारमण, मां चामुंडा, मां यमुना, महालक्ष्मी और मां काली सहित विभिन्न देवी-देवताओं की मनोहारी झांकियां शामिल रहीं। देवी स्वरूप में सजी बालिकाओं और सिर पर कलश धारण कर चल रहीं महिलाओं ने श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया। मार्ग में मां भगवती के जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा।
शोभायात्रा के समापन के बाद ट्यूलिप रिसॉर्ट में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां भगवती का पंचामृत से महाभिषेक किया गया। इसके पश्चात विधि-विधान से कन्या-लांगुरा पूजन संपन्न हुआ। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान श्रद्धालुओं ने मां भगवती के चरणों में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।
कार्यक्रम में मां वैष्णो देवी मित्र मंडल के अध्यक्ष डॉ. अंशुमान गोयल, महामंत्री पं. शशांक पाठक एवं दीपक गोला ने बताया कि धार्मिक आयोजनों को भारतीय संस्कृति, आस्था और परंपराओं के संरक्षण का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। साथ ही समाज में आपसी सद्भाव, सहयोग और एकता की भावना को मजबूत करने पर बल दिया। उन्होंने मां भगवती से सभी के कल्याण एवं सुख-समृद्धि की कामना की।
ये रहे उपस्थित शोभायात्रा में मां वैष्णो देवी मित्र मंडल के अध्यक्ष डॉ. अंशुमान गोयल, महामंत्री पं. शशांक पाठक,बंटी गोला,विवेक सूतिया,कन्हैया अग्रवाल,अंकित वर्मा,दीपक गोला,पं. देव्यांश गोस्वामी, दिनेश अग्रवाल, हिमांशु अग्रवाल सूतिया, सौरभ अग्रवाल, रोहित अग्रवाल, मोहित अग्रवाल, पं. सोना पाठक, आशीष जैन, विजय बंसल, विवेक अग्रवाल सूतिया, जगदीश वर्मा, राघव बजाज, श्याम सुंदर पालीवाल, विवेक सिंघल, अंकित कसेरे, अमित अग्रवाल,सुमित वर्मा (सर्राफ), रूपेश अग्रवाल,विवेक सूतिया,धीरज गोला, लोकेश गर्ग, श्याम शर्मा,प्रशांत, रवि,अमर शर्मा, अंकुर, अर्जुन,सहित मंडल के अन्य पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।


