दिनेश फलाहारी महाराज का नागरिक अभिनंदन कर भेंट की गदा, ब्रजवासियों ने लिया श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन को समर्थन देने का संकल्प।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। भगवान श्रीकृष्ण की गोचारण भूमि मधुबन सहित 12 गांवों के प्रबुद्ध नागरिकों ने सामूहिक रूप से श्रीकृष्ण जन्मभूमि संकल्प रजत शिला का पूजन किया। इस अवसर पर श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर मामले में हिंदू पक्षकार पं. दिनेश फलाहारी महाराज का नागरिक अभिनंदन किया गया तथा उन्हें गदा भेंट की गई। क्षत्रिय राजपूत राजावत, ब्राह्मण दीक्षित एवं पाल-बघेल समाज के प्रतिनिधियों ने पटुका, माला और पगड़ी पहनाकर उनका सम्मान किया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने के प्रति अपना संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्व हिंदू परिषद के वरिष्ठ नेता पं. जयराम शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि भगवान योगेश्वर श्रीकृष्ण की जन्मभूमि के संबंध में दिनेश फलाहारी महाराज द्वारा किए जा रहे प्रयास प्रशंसनीय हैं। उन्होंने महाराज के संकल्प और समर्पण की सराहना की।
महामंडलेश्वर राधानंद गिरि, क्षत्रिय करणी सेना के जिला मंत्री ठाकुर नरेश राजावत और मुनेश प्रधान ने कहा कि ब्रजभूमि संतों की भूमि है और यहां के निवासी सदैव संतों का सम्मान करते आए हैं। उन्होंने ब्रज की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण पर जोर दिया।
मधुबन के विकास की उठी मांग
कार्यक्रम संयोजक पं. राजेश पाठक ने मधुबन के पौराणिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस क्षेत्र का विकास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने तीर्थ विकास परिषद से मधुबन का चहुंमुखी विकास कराकर यहां की धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्ता को आगे बढ़ाने की मांग की। महंत राधानंद गिरि एवं आचार्य सच्चिदानंद ने भी धार्मिक स्थलों के संरक्षण और ब्रज की आध्यात्मिक परंपराओं को सशक्त बनाने पर जोर दिया।
ब्रजवासी हमारी ताकत हैं: दिनेश फलाहारी महाराज
अपने संबोधन में पं. दिनेश फलाहारी महाराज ने कहा कि ब्रजवासी उनकी ताकत हैं। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत धारण करने के प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस प्रकार ग्वाल-बालों ने भगवान का साथ दिया था, उसी प्रकार ब्रजवासी भी समय-समय पर उनका उत्साहवर्धन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि धर्म की लड़ाई किसी एक व्यक्ति की नहीं होती। श्रीकृष्ण जन्मभूमि से संबंधित मामले में न्यायालय के माध्यम से न्याय प्राप्त करने का प्रयास जारी रहेगा।
महिलाओं ने किया तिलक, रजत शिला पर की पुष्पवर्षा
कार्यक्रम में उपस्थित ब्रजवासी महिलाओं ने कुमकुम-रोली से दिनेश फलाहारी महाराज का 101 तिलकों से अभिनंदन किया और उन्हें अपने संकल्प में सफल होने का आशीर्वाद दिया। सैकड़ों की संख्या में उपस्थित वृद्धजनों एवं युवाओं ने संकल्प रजत शिला का पूजन किया। इस दौरान पुष्पवर्षा और आरती भी की गई।
कार्यक्रम में विजय ठाकुर, गुड्डी प्रधान, रामबाबू शर्मा, सुनील हिंदुत्व, विजय बहादुर शर्मा, लालाराम ठाकुर, विजय सिंह ठाकुर, ज्ञान सिंह बघेल, रामबाबू जाटव, विजय वाल्मीकि, कंचन नारायण सारस्वत, ज्ञानेश त्रिपाठी, आचार्य चाणक्य, कैलाश शर्मा, रमेश पुजारी, भोलाराम साहू, कृष्ण चंद्र आचार्य, हरनारायण भारद्वाज, गोपाल शंकर नागर, राहुल गौतम, हैमबीर सिंह गुर्जर एवं बद्री लोधी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


