जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्स्ना ने अधिकारियों को दिए निर्देश, कहा- शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें
बस्ती। आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को तहसील रुधौली में जिलाधिकारी श्रीमती कृतिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों को एक-एक कर सुना और मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और आवश्यकता पड़ने पर स्थलीय निरीक्षण कर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
56 शिकायतों में आठ का मौके पर निस्तारण
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने भी लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को थानों से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
उप जिलाधिकारी अहमद फरीद खान ने बताया कि संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 56 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से आठ का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग की 27, पुलिस की तीन, विकास विभाग की चार, पूर्ति विभाग की नौ, समाज कल्याण विभाग की दो, विद्युत विभाग की चार, बैंक की एक, चकबंदी की दो तथा नगर पंचायत से संबंधित चार शिकायतें शामिल रहीं।
जिला स्तरीय अधिकारी रहे मौजूद
संपूर्ण समाधान दिवस में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव निगम, परियोजना निदेशक (पीडी) आनंद कुमार गुप्ता, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, उप निदेशक कृषि अशोक कुमार, जिला कृषि अधिकारी बी.आर. मौर्य, मत्स्य अधिकारी संदीप वर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी लालजी यादव, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रेखा गुप्ता, जिला पूर्ति अधिकारी विमल शुक्ला, जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह, जिला उद्यान अधिकारी अरुण त्रिपाठी, अग्रणी जिला प्रबंधक आर.एन. मौर्य सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


