•समाधान दिवस में शिकायत देकर ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराने की उठाई मांग।
रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
मिश्रित-सीतापुर। कोतवाली मिश्रित क्षेत्र के ग्राम नरायनपुर में सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण किए जाने का मामला सामने आया है। गांव निवासी संतोष कुमार और दिलीप कुमार ने थाना समाधान दिवस अधिकारी को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि गांव के ही भैयालाल पुत्र रामभरोसे, प्रमोद कुमार पुत्र रामभरोसे, राजू शुक्ला पुत्र तुलसीराम और मुकेश पुत्र तुलसीराम ने सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण कर चबूतरे का निर्माण कर लिया है। इसके चलते गांव का मुख्य मार्ग काफी संकरा हो गया है और ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि मार्ग के किनारे लगे सरकारी इंडिया मार्का हैंडपंप का पानी लगातार बहता रहता है। इससे रास्ते पर फिसलन की स्थिति बनी रहती है और आवागमन के दौरान बच्चे गिरकर चोटिल हो जाते हैं। सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण होने और हैंडपंप का पानी बहने से ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इस समस्या को लेकर संतोष कुमार और दिलीप कुमार ने थाना समांधान दिवस अधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर मामले की जांच कराने तथा गांव के मुख्य सार्वजनिक मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है।


