•चुनाव प्रभारी नरेश उत्तम पटेल बोले- हर पदाधिकारी मैदान में उतरे, कार्यवाहक जिलाध्यक्ष अशोक यादव ने कहा- कार्यकर्ताओं की सक्रियता ही जीत का आधार।
रिपोर्ट::मनोज अग्रहरि
मीरजापुर। शिक्षक- स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर रविवार को समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय लोहिया ट्रस्ट पर महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में आगामी एमएलसी चुनाव की रणनीति पर गहन मंथन किया गया।
बैठक में चुनाव प्रभारी एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष / सांसद फतेहपुर नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा शिक्षकों के सम्मान, उनके अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए संघर्ष किया है। सपा सरकार में सहायता प्राप्त शिक्षकों की सेवानिवृत्ति आयु 60 वर्ष से बढ़ाकर 62 वर्ष की गई और शिक्षा मित्रों के हित में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए गए। पार्टी ने सदैव शिक्षकों के साथ-साथ छात्रों, नौजवानों और बेरोजगारों के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए काम किया है।
उन्होंने कहा कि शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव में प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता को पूरी सक्रियता के साथ मैदान में उतरना होगा। स्नातक एवं शिक्षक मतदाताओं से निरंतर संपर्क, मतदाता सूची का गहन अवलोकन और छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने के लिए प्रयास जरूरी है। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और आपसी समन्वय व एकजुटता से चुनाव अभियान में जुटने का आह्वान किया।
कार्यवाहक जिलाध्यक्ष अशोक यादव ने कहा कि संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की सक्रियता ही चुनावी सफलता का आधार है। उन्होंने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा झूठ और फरेब के रास्ते पर चलकर जनता को गुमराह कर रही है। हत्या, लूटपाट की घटनाएं बढ़ी हैं। जनता 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को उखाड़ फेंकेगी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी।
बैठक की अध्यक्षता कार्यवाहक जिलाध्यक्ष अशोक यादव ने की व संचालन जिला महासचिव आदर्श यादव ने किया।
बैठक में पूर्व मंत्री कैलाश चौरसिया, पूर्व विधायक जगतंबा सिंह पटेल, पूर्व जिलाध्यक्ष आशीष यादव, मुन्नी यादव, सुरेन्द्र सिंह पटेल, परवेज खान, रामराज पटेल, रविन्द्र बहादुर सिंह, कीर्ति कोल, रोहित शुक्ला, दामोदर प्रसाद मौर्या, डा. संतोष सिंह, सतीश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।


