आशुतोष राणा के दमदार अभिनय ने मोहा दर्शकों का मन, संस्थापक की जीवन यात्रा पर आधारित बायोपिक ने किया भावुक
मथुरा-वृंदावन। धर्मनगरी वृंदावन में मंगलवार को स्वीटी बाय एम. आर. ग्रुप के संस्थापक स्वर्गीय सुरेश चंद्र अग्रवाल की 75वीं जन्म जयंती पर विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्वामी हरिदास ऑडिटोरियम स्थित गीता शोध संस्थान में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रसिद्ध नाट्य प्रस्तुति ‘हमारे राम’ का मंचन किया गया। श्रद्धा, भक्ति और भारतीय संस्कृति से ओतप्रोत इस आयोजन में संस्थापक की स्मृतियों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वर्गीय सुरेश चंद्र अग्रवाल की धर्मपत्नी रजनी अग्रवाल, पुत्र सुनील कुमार अग्रवाल, पौत्र लव कुमार बंसल तथा छोटे भाई बनवारी लाल अग्रवाल और उनकी पत्नी लता अग्रवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
बायोपिक में दिखाई जीवन यात्रा
दीप प्रज्वलन के बाद एम. आर. ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर लव कुमार बंसल ने उपस्थित संत-महात्माओं, विशिष्ट अतिथियों और गणमान्य नागरिकों का स्वागत किया। उन्होंने अपने दादाजी के जीवन, संघर्ष, सादगी, कर्मठता और पारिवारिक संस्कारों को याद करते हुए उनके व्यक्तित्व को प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने अपने पिता सुनील कुमार अग्रवाल से मिले मार्गदर्शन और पारिवारिक मूल्यों के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
इसके बाद स्वर्गीय सुरेश चंद्र अग्रवाल के जीवन पर आधारित लगभग 15 मिनट की बायोपिक प्रदर्शित की गई। इसमें उनके संघर्ष, परिश्रम, दृढ़ संकल्प, पारिवारिक मूल्यों और सफलता की यात्रा को दर्शाया गया। प्रस्तुति के दौरान कई प्रसंगों ने दर्शकों को भावुक कर दिया।
आशुतोष राणा के अभिनय ने बांधा समां
बायोपिक के बाद फेलिसिटी थिएटर की नाट्य प्रस्तुति ‘हमारे राम’ का मंचन हुआ। भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों, मर्यादा और मानवीय मूल्यों पर आधारित इस प्रस्तुति ने दर्शकों को प्रभावित किया।
अभिनेता आशुतोष राणा ने रावण की भूमिका में अपने प्रभावशाली अभिनय, गंभीर आवाज और सशक्त संवाद अदायगी से दर्शकों की सराहना प्राप्त की। वहीं, राहुल आर. भूचर ने भगवान श्रीराम के चरित्र को मर्यादा, करुणा और त्याग के भावों के साथ प्रस्तुत किया। अभिनेता तरुण खन्ना सहित अन्य कलाकारों ने भी विभिन्न पात्रों का प्रभावशाली अभिनय किया।
भव्य मंच सज्जा, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था, संगीत और आधुनिक तकनीकी प्रभावों ने नाट्य प्रस्तुति को प्रभावी बनाया। लगभग तीन घंटे चले मंचन के दौरान दर्शकों ने कलाकारों के अभिनय की सराहना की। प्रस्तुति के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों और भारतीय संस्कृति के मूल्यों को रेखांकित किया गया।
सजावट और अतिथि सत्कार की हुई सराहना
कार्यक्रम स्थल की साज-सज्जा भी आकर्षण का केंद्र रही। जयपुर और दिल्ली से आए कारीगरों ने पुष्प सज्जा, प्रवेश द्वार और सभागार को आकर्षक स्वरूप दिया। अतिथियों के स्वागत-सत्कार और भोजन-प्रसादी की व्यवस्थाएं भी की गई थीं।
आयोजन में जीएलए विश्वविद्यालय के कुलाधिपति नारायण दास अग्रवाल, रविकांत गर्ग, के.एम. चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष, कपिल गुप्ता, मुरादाबाद से तुषार अग्रवाल, श्रीनिवास, लखनऊ से मयंक गोयल, आदित्य गोस्वामी, विवेक अग्रवाल, दीपक अग्रवाल और सचिन अग्रवाल सहित विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सुनील अग्रवाल ने जताया आभार
कार्यक्रम के समापन पर एम. आर. ग्रुप के चेयरमैन सुनील कुमार अग्रवाल ने कलाकारों, संत-महात्माओं, विशिष्ट अतिथियों और आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने आशुतोष राणा, राहुल आर. भूचर, तरुण खन्ना और फेलिसिटी थिएटर की पूरी टीम के अभिनय एवं प्रस्तुति की सराहना की।
उन्होंने कहा कि स्वर्गीय सुरेश चंद्र अग्रवाल की 75वीं जन्म जयंती पर आयोजित यह कार्यक्रम उनके जीवन मूल्यों, संस्कारों और प्रेरणादायी व्यक्तित्व को समर्पित रहा।
आयोजन में विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष कन्हैयालाल अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा। स्वीटी बाय एम. आर. ग्रुप की टीम और अन्य सहयोगियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान दिया।
संस्थापक की स्मृतियों को समर्पित यह संध्या श्रद्धांजलि, पारिवारिक आत्मीयता और भगवान श्रीराम के आदर्शों के संदेश के साथ संपन्न हुई।


