बीएसए रतन कीर्ति ने जारी किए निर्देश, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और आउटसोर्सिंग कर्मियों को भी मिलेगा मानदेय
मथुरा। दीपावली पर्व के मद्देनजर जनपद के परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को अक्टूबर माह का वेतन एवं मानदेय त्योहार से पहले देने की तैयारी की गई है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने इस संबंध में सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं।
बीएसए कार्यालय से 17 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश में कहा गया है कि विकासखंडों के अंतर्गत कार्यरत परिषदीय विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं अन्य कर्मचारियों के अक्टूबर माह के वेतन के साथ शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और आउटसोर्सिंग कर्मियों का मानदेय भी दीपावली से पहले भुगतान कराया जाए।
आदेश के अनुसार, सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को संबंधित पटल सहायकों, लेखा कर्मियों और सेवा प्रदाता एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर भुगतान से जुड़ी औपचारिकताएं समय से पूरी कराने को कहा गया है। साथ ही यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी पात्र कर्मचारी का वेतन या मानदेय अनावश्यक रूप से लंबित न रहे।
बीएसए ने संबंधित अधिकारियों को भुगतान प्रक्रिया में तेजी लाने और दीपावली से पहले सभी पात्र कार्मिकों के खाते में धनराशि पहुंचाने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा है। आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के मानदेय भुगतान के लिए संबंधित सेवा प्रदाता एजेंसियों को अक्टूबर माह का बिल उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
इस पहल से जनपद के परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक-शिक्षिकाओं, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को दीपावली से पहले अक्टूबर माह का वेतन एवं मानदेय मिलने की उम्मीद है। इससे त्योहार के दौरान कर्मचारियों को होने वाली आर्थिक असुविधा से राहत मिल सकेगी।


