मथुरा/लखनऊ। राजकीय नर्सेज संघ उत्तर प्रदेश द्वारा नर्सिंग संवर्ग की लंबित मांगों के समाधान हेतु चलाया जा रहा चरणबद्ध आंदोलन अब और तेज हो गया है।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार संघ द्वारा नर्सिंग संवर्ग की लंबित मांगों के समाधान के लिए 9 अक्टूबर से 20 अक्टूबर 2026 तक काली फीता बांधकर विरोध प्रदर्शन किया गया। इसके बावजूद मांगों पर अपेक्षित सकारात्मक कार्रवाई न होने के कारण संघ ने आंदोलन के अगले चरण का ऐलान कर दिया है।
संघ ने बताया कि शासन एवं संबंधित अधिकारियों के समक्ष नर्सिंग संवर्ग की लंबित समस्याओं के समाधान, अधिकारों की रक्षा, सम्मान एवं न्यायोचित मांगों को पूरा करने की मांग लगातार उठाई जा रही है। लेकिन अब तक अपेक्षित परिणाम प्राप्त न होने के कारण नर्सिंग अधिकारियों में भारी असंतोष व्याप्त है।
अगले चरण का कार्यक्रम इस प्रकार है –
1. दिनांक 21 अक्टूबर 2026 से प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से 10 बजे तक 2 घंटे का कार्य बहिष्कार किया जाएगा।
2. दिनांक 22 अक्टूबर 2026 को 11 बजे महानिदेशालय (स्वास्थ्य भवन) लखनऊ का घेराव एवं धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें प्रदेशभर के नर्सिंग अधिकारी शामिल होंगे।
संघ ने यह भी स्पष्ट किया है कि आंदोलन के दौरान *मरीजों के हितों एवं अस्पतालों की आवश्यक सेवाओं को ध्यान में रखते हुए आपातकालीन एवं अति आवश्यक सेवाओं को प्रभावित न होने देने का पूरा प्रयास किया जाएगा।
राजकीय नर्सेज संघ को आशा है कि शासन एवं संबंधित अधिकारी नर्सिंग संवर्ग की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए लंबित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेंगे, जिससे आंदोलन को समाप्त करने की दिशा में सार्थक पहल हो सके।
अंत में संघ ने समस्त नर्सिंग अधिकारियों से आपसी एकता एवं एकजुटता बनाए रखते हुए आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।


