सड़क पर खड़े ऑटो बन रहे मुसीबत, यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग।
रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
मिश्रिख (सीतापुर)। नगर के नहर चौराहे पर आए दिन लगने वाले जाम से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि चौराहे के पास सड़क पर बेतरतीब खड़े ऑटो के कारण आवागमन बाधित होता है। इससे राहगीरों के साथ स्कूली बच्चों को भी निकलने में दिक्कत होती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चौराहे पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। पुलिस चौकी पर पुलिसकर्मियों की नियमित मौजूदगी को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। लोगों के अनुसार, कई बार शिकायत और समाचार प्रकाशित होने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
जाम के कारण सड़क से गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी होती है। खासकर स्कूल आने-जाने वाले छोटे बच्चों को सड़क पार करने और भीड़ के बीच से निकलने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय नागरिकों ने जिलाधिकारी और पुलिस प्रशासन से नहर चौराहे पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराने, सड़क पर ऑटो खड़े करने के लिए निर्धारित स्थान तय करने और पुलिस की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते उचित कदम उठाए जाएं, ताकि जाम से राहत मिलने के साथ किसी संभावित दुर्घटना को भी रोका जा सके।


