मुकुंद प्रिया गार्डन में सजा सांस्कृतिक उत्सव, कृष्णकांत गोयल बेरिवाल ने किया शुभारंभ
मथुरा। दशहरा और नवरात्र के अवसर पर मुकुंद प्रिया गार्डन में आयोजित हिन्दुस्तान डांडिया नाइट में लोगों ने जमकर उत्साह दिखाया। रंग-बिरंगी रोशनी, संगीत और गरबा की धुनों के बीच बड़ी संख्या में लोगों ने परिवार के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया। देर रात तक चले इस आयोजन में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में उत्साह नजर आया।
कार्यक्रम का शुभारंभ समाजसेवी एवं शिवासा हैट्स के निदेशक कृष्णकांत गोयल बेरिवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन समय-समय पर होते रहने चाहिए। इससे लोगों को परिवार के साथ मनोरंजन का अवसर मिलता है और भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं को आगे बढ़ाने में मदद मिलती है। उन्होंने आयोजन के लिए हिन्दुस्तान समूह को बधाई दी।
लेडी किलर्स बैंड की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण दिल्ली का लेडी किलर्स बैंड रहा। बैंड की सदस्य रिद्धि, समायरा, स्नेहा और खुशी ने पारंपरिक गरबा गीतों को रॉक और पॉप संगीत के मिश्रण के साथ प्रस्तुत किया। ‘नगाड़ा संग ढोल’, ‘चोगाड़ा तारा’ और ‘घूमर’ जैसे गीतों पर महिलाओं और युवतियों ने डांडिया खेलकर उत्सव का आनंद लिया।
सेल्फी पॉइंट पर दिखा उत्साह
कार्यक्रम स्थल पर बनाए गए सेल्फी पॉइंट और खानपान के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहे। लोगों ने परिवार और दोस्तों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं तथा यादगार पलों को कैमरे में कैद किया।
कृष्णकांत गोयल बेरिवाल ने कहा कि ब्रज की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने वाले ऐसे आयोजन आपसी मेलजोल और भाईचारे को बढ़ावा देते हैं। कार्यक्रम देर रात तक उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।


