रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। जनपद में यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगर मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा ने मंगलवार को यातायात पुलिस एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ स्टेट बैंक चौराहे से भूतेश्वर चौराहे के निकट स्थित रेलवे अंडरपास तक स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले विभिन्न बिंदुओं का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।



निरीक्षण के दौरान बस अड्डे के समीप रेलवे अंडरपास के किनारे रेलवे विभाग द्वारा बनाए गए अस्थायी सीमेंट फाउंडेशन को यातायात संचालन में बड़ी बाधा पाया गया। नगर मजिस्ट्रेट ने मौके पर रेलवे अधिकारियों को बुलाकर स्थिति का जायजा लिया और उक्त निर्माण को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। इसके बाद निर्माण हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
इसके अतिरिक्त रेलवे स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार की ओर जाने वाले मार्ग पर मौजूद अस्थायी अवरोधों को हटाने के लिए संबंधित थाना प्रभारी एवं अधिकारियों को निर्देशित किया गया। महोली रोड के सामने स्थित परिक्रमा मार्ग की पुलिया तथा भूतेश्वर अंडरपास के निकट श्रीजी बाबा आश्रम के सामने अमरनाथ विद्या आश्रम जाने वाले मार्ग पर मौजूद अवरोधकों को भी जल्द हटाने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान यातायात दबाव को कम करने के लिए वैकल्पिक पार्किंग व्यवस्था पर भी चर्चा की गई। बाबू शिवनाथ विश्वविद्यालय (बीएसए) की बाउंड्री वॉल से सटे खाली पड़े स्थान को अस्थायी पार्किंग स्थल के रूप में विकसित करने के संबंध में बीएसए कॉलेज प्रबंधन एवं नगर निगम अधिकारियों से वार्ता की गई।
नगर मजिस्ट्रेट ने कहा कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए लगातार निरीक्षण एवं सुधारात्मक कार्यवाही की जा रही है, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।