बस्ती। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट बस्ती ने टिकट दलालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन उपलब्ध” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दूसरे के नाम पर बुक किए गए रेलवे टिकट पर यात्रा कर रहे चार यात्रियों को गिरफ्तार किया है। मामले में फर्जी आधार कार्ड और ई-टिकट के जरिए यात्रा कराने वाले मुंबई निवासी कथित टिकट दलाल अख्तर जहान को वांछित घोषित किया गया है।
वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त लखनऊ एवं सहायक सुरक्षा आयुक्त गोरखपुर के निर्देशन में गठित टीम ने 20 जून को ट्रेन संख्या 22537 कुशीनगर एक्सप्रेस के एस-3 कोच में जांच के दौरान चार यात्रियों को पकड़ा। जांच में सामने आया कि सभी यात्री जिन ई-टिकटों पर यात्रा कर रहे थे, वे मूल रूप से अन्य व्यक्तियों के नाम पर बुक थे। आरोप है कि आधार कार्ड में नाम और क्यूआर कोड में भी एडिटिंग कर उन्हें फर्जी दस्तावेज उपलब्ध कराए गए थे।
गिरफ्तार यात्रियों की पहचान अब्दुल हकीम (37), अनीश अहमद (28), अफसाना खातून (27) तथा सलीममुल्लाह (27) के रूप में हुई है।
पूछताछ में यात्रियों ने बताया कि उन्होंने मुंबई के एक टिकट दलाल अख्तर जहान के माध्यम से कुल 8700 रुपये ऑनलाइन भुगतान कर टिकट प्राप्त किए थे। दलाल ने पहले से बुक टिकटों में नाम बदलकर तथा आधार कार्ड में फेरबदल कर उन्हें यात्रा के लिए उपलब्ध कराया था।
आरपीएफ के अनुसार, यह मामला संगठित टिकट दलाली गिरोह के सक्रिय होने की ओर संकेत करता है, जो फर्जी दस्तावेज तैयार कर दूसरे यात्रियों के नाम पर बुक टिकट ऊंचे दामों में बेच रहे हैं। इससे रेलवे की आरक्षण व्यवस्था प्रभावित होने के साथ वास्तविक यात्रियों के अधिकारों का भी हनन हो रहा है।
आरपीएफ ने चारों यात्रियों को ट्रेन से उतारकर उनके विरुद्ध रेलवे अधिनियम की धारा 142 के तहत तथा वांछित दलाल अख्तर जहान के खिलाफ धारा 143 के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। फर्जी आधार कार्ड, संशोधित ई-टिकट, चैट रिकॉर्ड और ऑनलाइन भुगतान से जुड़े साक्ष्य जब्त कर लिए गए हैं। मामले की जांच जारी है।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक कमलेश कुमार यादव, कांस्टेबल अरशद अली, मोहम्मद शमशाद मंसूरी एवं धीरज कुमार सिंह की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।