दिनदहाड़े हमले में प्रगतिशील पार्टी के नेता सेनापति कुंतल की मौत, पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका।

Vijaydoot News

मथुरा। थाना रिफाइनरी क्षेत्र के मीरा नगर कॉलोनी, आजमपुर में रविवार को दिनदहाड़े हुए जानलेवा हमले में प्रगतिशील पार्टी के नेता एवं पूर्व समाजवादी नेता सेनापति कुंतल की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

मृतक सेनापति कुंतल सपा प्रमुख अखिलेश यादव के साथ

मृतक के भाई मुरारी लाल कुंतल के अनुसार, सेनापति कुंतल दोपहर में घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कन्हैया पहलवान और उसके साथियों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों और लोहे की सरियों से उन पर ताबड़तोड़ हमला किया, जिससे उनके सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

गंभीर रूप से घायल सेनापति कुंतल को पहले जिला चिकित्सालय मथुरा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आगरा रेफर किया गया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना के पीछे पुरानी रंजिश का मामला सामने आ रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *