श्रीराम मंदिर चंदा प्रकरण को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

Spread the love

बस्ती। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने जिलाध्यक्ष विश्वनाथ चौधरी के नेतृत्व में अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर के कथित चंदा चोरी प्रकरण को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के प्रशासनिक अधिकारी को सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष जांच, एसआईटी की रिपोर्ट सार्वजनिक करने तथा दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष विश्वनाथ चौधरी ने कहा कि श्रीराम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है और आस्था के नाम पर किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री मौन हैं। उन्होंने कहा कि सामान्य मामलों में तत्काल मुकदमा दर्ज हो जाता है, लेकिन करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं से जुड़े इस मामले में अब तक एफआईआर दर्ज न होना कई सवाल खड़े करता है।

उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने एसआईटी का गठन किया है तो उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक की जानी चाहिए तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि जब तक इस मामले में न्याय नहीं मिलेगा, पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा।

ज्ञापन के बाद कांग्रेस नेताओं वृजेश आर्य, नर्वदेश्वर शुक्ल, शौकत अली नन्हू, डॉ. वाहिद अली सिद्दीकी, संदीप श्रीवास्तव, अलीम अख्तर और डॉ. आलोक रंजन ने कहा कि श्रीराम मंदिर के दान और चढ़ावे से जुड़े कथित अनियमितताओं के मामले ने जनमानस की आस्था को आहत किया है। उन्होंने सरकार से तत्काल एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग की।

इस अवसर पर अनिल भारती, साधू शरण आर्य, गिरजेश पाल, अवधेश सिंह, शेर मोहम्मद, अमर बहादुर शुक्ल, देवानन्द पाण्डेय, अतीउल्ला सिद्दीकी, राकेश पाण्डेय, शब्बीर अहमद, चन्द्रशेखर वर्मा, दूधनाथ पटेल, सुनील पाण्डेय, फजले आजम, राहुल मद्देशिया, मंजू पाण्डेय, फिरोज खान, अनिल त्रिपाठी, सन्तराम गौतम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *