कपड़े के थैलों से घर-घर पहुंचेगा ‘स्वच्छ ब्रज’ का संदेश, वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति की नई पहल।

Vijaydoot News

मथुरा। “हम सब ने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है” महाअभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति, मथुरा ने कपड़े के थैलों के वितरण की नई पहल शुरू की है। इन थैलों पर स्वच्छ ब्रज अभियान का स्लोगन और स्वच्छता संबंधी संदेश अंकित किया गया है, ताकि इनके नियमित उपयोग से अधिक से अधिक लोग अभियान से जुड़ सकें।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि कपड़े के थैलों का उपयोग करने वाला प्रत्येक व्यक्ति न केवल स्वयं स्वच्छता का संदेश पढ़ेगा, बल्कि उसके संपर्क में आने वाले अन्य लोगों तक भी यह संदेश पहुंचेगा। इससे स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ने के साथ-साथ सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को कम करने में भी मदद मिलेगी।

बैठक के दौरान समाजसेवी दीपक गोयल ने नेशनल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज़ के राजीव अग्रवाल ‘ब्रजवासी’, प्रोजेक्ट मथुरा के विपुल अग्रवाल (सीए) तथा उनकी टीम सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों को कपड़े के थैले वितरित किए। उल्लेखनीय है कि ‘प्रोजेक्ट मथुरा’ भी शहर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने के लिए जनजागरूकता अभियान चला रहा है।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि 6 जुलाई को आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की बैठक में परिषद के अधिकारियों एवं सदस्यों को भी ये कपड़े के थैले भेंट किए जाएंगे, ताकि स्वच्छ ब्रज अभियान का संदेश व्यापक स्तर तक पहुंच सके।

बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने मथुरा को स्वच्छ, सुंदर एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए जनभागीदारी बढ़ाने और अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *