मथुरा में कांग्रेस की समीक्षा बैठक, भाजपा सरकार पर साधा निशाना; कई नेताओं ने थामा कांग्रेस का दामन।

Spread the love

मथुरा। सेठबाड़ा स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में बुधवार को जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर की अध्यक्षता में कांग्रेस की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व में आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों की रूपरेखा तैयार की गई। इस दौरान भाजपा छोड़कर आए ग्राम प्रधान बरारी धर्मेंद्र सिंह, अमित दीक्षित, राजेश सारस्वत सहित कई लोगों ने अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए सांप्रदायिक राजनीति कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मूलभूत मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाया जा रहा है तथा लोकतांत्रिक अधिकारों पर लगातार प्रहार हो रहा है।

उन्होंने अयोध्या स्थित राम मंदिर में दान-चढ़ावे की कथित चोरी का उल्लेख करते हुए कहा कि घटना के लंबे समय बाद भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और संघ नेतृत्व की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है। वहीं शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।

पूर्व महानगर अध्यक्ष विक्रम वाल्मीकि ने प्रदेश में दलितों पर हो रही घटनाओं को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए इसे दलित विरोधी मानसिकता का परिचायक बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन सृजन अभियान के माध्यम से लगातार गांव-गांव अपनी पकड़ मजबूत कर रही है और बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा एवं अन्य वर्ग के लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं।

बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी दिनों में जनपद की सभी विधानसभा एवं ब्लॉक स्तर पर जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत गांव-गांव प्रवास कर भाजपा सरकार की नीतियों और कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा।

बैठक का संचालन जिला महासचिव वैद्य मनोज गौड़ ने किया। इस अवसर पर प्रेमशंकर शर्मा, रूपा लवानिया, कमलेश चौधरी, गीता दिवाकर, गौरांग अग्रवाल, जिलानी कादरी, लक्ष्मी नारायण, शैलेंद्र चौधरी, दीपक सिंह, मनीष चौधरी, योगेश यादव, बालवीर प्रधान, मोहित शर्मा, पूरन सिंह, कुलदीप चतुर्वेदी, अनिल खरे, राजेश कुमार, सुरेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *