रिपोर्ट: विजय नागपाल।
कोसीकलां (मथुरा)। बेटी बचाओ, पर्यावरण संरक्षण, अधिक से अधिक वृक्षारोपण तथा गौहत्या पर रोक लगाने का संदेश लेकर उड़ीसा के झारसुगुड़ा जनपद के परमानपुर निवासी रघुमणि देहरिया (34 वर्ष) नई दिल्ली तक की पदयात्रा पर निकले हैं। अपनी जनजागरण यात्रा के दौरान रविवार को कोसीकलां पहुंचने पर नंदगांव रोड स्थित वरिष्ठ भाजपा नेता रघुबर सिंह तोमर के कार्यालय पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
इस अवसर पर रघुबर सिंह तोमर ने रघुमणि देहरिया के सामाजिक अभियान की सराहना करते हुए कहा कि बेटियों की सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और गौसंवर्धन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जनजागरूकता फैलाना आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रेरणादायी अभियान समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने के साथ-साथ लोगों को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करते हैं।
स्वागत समारोह के दौरान पदयात्री रघुमणि देहरिया को भोजन, पेयजल, विश्राम सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। रघुमणि देहरिया ने बताया कि उनकी पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य लोगों को ‘बेटी बचाओ’, अधिक से अधिक वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण तथा गौहत्या रोकने के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने आमजन से इन सामाजिक अभियानों में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाने की अपील भी की।