रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। मुड़िया पूर्णिमा मेला-2026 के सुचारु संचालन एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने गोवर्धन स्थित लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के निरीक्षण भवन सभागार में स्थापित कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया।


निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने सीसीटीवी कंट्रोल रूम के माध्यम से संपूर्ण मेला क्षेत्र की गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए की गई सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए विभिन्न प्रमुख स्थलों पर मौजूद भीड़, श्रद्धालुओं की आवाजाही तथा यातायात व्यवस्था की निगरानी की।
जिलाधिकारी ने कंट्रोल रूम में प्राप्त विभिन्न कॉलों की जानकारी ली और कंट्रोल रूम रजिस्टर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और सतर्कता के साथ निर्वहन करें, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए मुड़िया पूर्णिमा मेले को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सफल बनाने के निर्देश दिए।