पेट्रोल भराकर बिना भुगतान किए कार चालक फरार, सीसीटीवी में कैद हुई घटना।

Vijaydoot News

मिश्रिख के बर्मी चौराहे स्थित पेट्रोल पंप का मामला, अधूरे नंबर के आधार पर कार की तलाश में जुटी पुलिस

मिश्रिख, सीतापुर। मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र के बर्मी चौराहे स्थित महेश फिलिंग सेंटर पर पेट्रोल भरवाने के बाद बिना भुगतान किए कार चालक के फरार होने का मामला सामने आया है। पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पंप प्रबंधन की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार शनिवार तड़के करीब तीन बजे एक कार महेश फिलिंग सेंटर पर पहुंची। चालक ने कार में पेट्रोल भरवाया। कर्मचारियों के मुताबिक पेट्रोल भरने के बाद चालक से भुगतान के लिए कहा गया, लेकिन वह पैसे देने के बजाय कार स्टार्ट कर तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गया। कर्मचारियों ने कार को रोकने और उसका पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन चालक पकड़ में नहीं आ सका।

पंप कर्मचारियों के अनुसार कार की नंबर प्लेट का कुछ हिस्सा ही सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट दिखाई दिया, जिसमें यूपी 32 पी 58 तक नंबर नजर आ रहा है। शेष नंबर स्पष्ट नहीं होने के कारण फिलहाल कार और चालक की पूरी पहचान नहीं हो सकी है।

घटना की सीसीटीवी फुटेज पंप प्रबंधन के पास सुरक्षित है, जिसे पुलिस को उपलब्ध कराया गया है। फिलिंग सेंटर के मैनेजर विवेक ने मिश्रिख पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोपी चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज और उपलब्ध वाहन नंबर के आधार पर कार की पहचान करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर और फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। वाहन की पहचान होने के बाद आरोपी चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।