JPSC-JSSC अभ्यर्थियों के समर्थन में बीजेपी का आज ‘झारखंड बंद, रांची में बढ़ाई गई सुरक्षा; स्कूलों में भी छुट्टी।

Vijaydoot News

रांची। झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित गड़बड़ियों को लेकर छात्रों का आंदोलन 18वें दिन में प्रवेश करते ही और उग्र हो गया है। सोमवार को विधानसभा घेराव के दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज, आंसू गैस और पानी की बौछारों के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने आज पूरे राज्य में ‘झारखंड बंद’ का आह्वान किया है। बंद के मद्देनजर राजधानी रांची समेत पूरे प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई है। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, कई निजी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है और चप्पे-चप्पे पर अतिरिक्त पुलिस बल के साथ सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी जा रही है।

सुबह 8 बजे से आधी रात तक रहेगा बंद, जरूरी सेवाओं को छूट
प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष आदित्य साहू ने पार्टी मुख्यालय में बंद का ऐलान करते हुए बताया कि यह राज्यव्यापी बंद मंगलवार सुबह 8 बजे से मध्यरात्रि तक प्रभावी रहेगा। हालांकि, आम जनता को परेशानी से बचाने के लिए एम्बुलेंस, स्वास्थ्य सेवाओं और देवघर जा रहे कांवरियों सहित सभी आवश्यक सेवाओं को बंद के दायरे से बाहर रखा गया है।

बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने बंद को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर चार-चार बार लाठीचार्ज किया गया। उन्होंने साफ कहा कि हेमंत सोरेन सरकार को छात्रों की मांगें माननी ही होंगी और सभी विवादित परीक्षाओं की सीबीआई जांच के आदेश देने होंगे।

बैरिकेडिंग तोड़ने पर हुआ था संग्राम, कई छात्र और पुलिसकर्मी घायल
उल्लेखनीय है कि सोमवार को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली का विरोध कर रहे हजारों छात्र विधानसभा घेराव के लिए निकले थे। इस दौरान छात्रों ने एक के बाद एक कई पुलिस बैरिकेड्स तोड़ दिए, जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को खदेड़ने के लिए वाटर कैनन, आंसू गैस और लाठीचार्ज का सहारा लिया। इस झड़प में कई प्रदर्शनकारी छात्र और चार पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। पुलिस की इस कार्रवाई के खिलाफ अब बीजेपी सड़कों पर उतर आई है और सरकार पर दबाव बढ़ा रही है।

सीएम हेमंत सोरेन ने बताया राजनीतिक साजिश, कांग्रेस ने भी साधा निशाना
वहीं, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बीजेपी के इस झारखंड बंद पर पलटवार करते हुए विपक्षी दल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सीएम सोरेन ने कहा कि बीजेपी नेता अपने राजनीतिक लाभ के लिए आंदोलनकारी छात्रों को गुमराह करने और भड़काने का काम कर रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए छात्रों से संवाद कायम करने और बातचीत से समाधान निकालने की अपील की।

दूसरी तरफ, सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी ने बीजेपी के बंद को ‘राजनीतिक नौटंकी’ करार दिया। कांग्रेस मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि छात्रों पर पुलिस का गैर-जरूरी बल प्रयोग गंभीर मामला है और इसकी निष्पक्ष जांच होकर दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन बीजेपी का यह बंद संवेदना से ज्यादा राजनीतिक अवसरवाद है।