शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा के लिए विभागीय पहचान पत्र उपलब्ध कराने की मांग।

Vijaydoot News

मथुरा। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ, जनपद मथुरा के पदाधिकारियों ने शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ दिलाने के लिए विभागीय पहचान पत्र उपलब्ध कराने की मांग की है।

शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्रीमती रतन कीर्ति से मुलाकात कर मांग रखी कि शिक्षकों को विभागीय पहचान पत्र उपलब्ध कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए, ताकि सभी शिक्षक समय से पहचान पत्र प्राप्त कर सकें और कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

इस पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्रीमती रतन कीर्ति ने शिक्षकों को आश्वासन दिया कि अति शीघ्र विभागीय पहचान पत्र उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी।

शिक्षक संघ ने बीएसए के आश्वासन पर आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि पहचान पत्र उपलब्ध होने से शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ लेने में आसानी होगी।