रिपोर्ट: विजय नागपाल।
फरह। थाना फरह क्षेत्र के सलेमपुर गांव के जंगल में सोमवार को मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई। यहां एक नवजात बच्ची को बोरी में बंद कर जंगल में फेंक दिया गया। गनीमत रही कि पशु चरा रहे ग्रामीणों ने बच्ची के रोने की आवाज सुन ली और समय रहते उसे बरामद कर लिया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर ग्रामीण जंगल में पशु चरा रहे थे। इसी दौरान झाड़ियों की ओर से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर तलाश की तो सुनसान स्थान पर एक बोरी पड़ी मिली। बोरी खोलने पर उसमें काली चुन्नी में लिपटी नवजात बच्ची बिलखती मिली।
ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर कस्बा इंचार्ज अजय मलिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और नवजात को अपने संरक्षण में लेकर जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों की निगरानी में बच्ची का उपचार चल रहा है।
कस्बा इंचार्ज के अनुसार, नवजात को जंगल में किसने और किस वजह से छोड़ा, इसकी जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर सामाजिक लोकलाज के चलते बच्ची को जन्म के बाद जंगल में छोड़े जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस आसपास के गांवों में पूछताछ कर बच्ची को छोड़ने वाले की तलाश में जुटी है।