•परिजनों ने चाकू और ईंट से हमला करने का लगाया आरोप, कई अन्य घायल।
रिपोर्ट: संजय त्रिपाठी।
सिद्धार्थनगर। इटवा थाना क्षेत्र के परसा बुजुर्ग गांव में शनिवार रात मामूली विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इसमें गंभीर रूप से घायल बंशी लाल की मौत हो गई, जबकि उनके भाई कमलेश समेत परिवार के अन्य सदस्यों के घायल होने की बात सामने आई है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के मुताबिक, शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे पड़ोसी रोहित घर के सामने गाली-गलौज कर रहा था। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। मृतक के परिजनों ने रोहित, गोविंद, चिनका और पिंकी समेत अन्य लोगों पर बंशी लाल के साथ मारपीट करने तथा चाकू और ईंट से हमला करने का आरोप लगाया है। बीच-बचाव करने पहुंचे कमलेश और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट किए जाने की बात कही गई है।
मारपीट में गंभीर रूप से घायल बंशी लाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) इटवा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी संगीता ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पिता मान सिंह ने भी घटना के बाद उनके साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सीओ इटवा प्रवीण प्रकाश के मुताबिक, मारपीट में घायल बंशी लाल की अस्पताल में मौत हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना के संबंध में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।


