•कबीर सूफी फाउंडेशन ने विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट, लैंगिक हिंसा और सुरक्षित व्यवहार की दी जानकारी।
रिपोर्ट: केके मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। कबीर सूफी फाउंडेशन की ओर से नवोदय विद्यालय, हरिहरपुर में विद्यार्थियों को बाल सुरक्षा, लैंगिक हिंसा, पॉक्सो एक्ट एवं साइबर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों को उनके अधिकारों, सुरक्षा और विभिन्न प्रकार के अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के विरुद्ध होने वाले यौन अपराधों की रोकथाम, लैंगिक हिंसा की पहचान, सुरक्षित एवं असुरक्षित व्यवहार तथा ऑनलाइन सुरक्षा के संबंध में विस्तार से बताया गया। साथ ही, विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचने के उपायों की जानकारी देते हुए किसी भी प्रकार की हिंसा या उत्पीड़न की स्थिति में सतर्क रहने और विश्वसनीय व्यक्तियों से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। ऐसी परिस्थितियों में संबंधित अधिकारियों को सूचित करने के महत्व पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के सदस्य डॉ. अजय कुमार पांडेय, विद्यालय के प्रधानाचार्य श्रीकांत तिवारी, काउंसलर डॉ. कामेश्वरी मिश्रा, कबीर सूफी फाउंडेशन की काउंसलर अस्मिता त्रिपाठी तथा आउटरीच कार्यकर्ता सूर्य प्रकाश ओझा उपस्थित रहे। इस दौरान विद्यालय के शिक्षकगण सहित कक्षा नौवीं एवं ग्यारहवीं के विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाना तथा विद्यालय में सुरक्षित, संवेदनशील एवं बाल-अनुकूल वातावरण को बढ़ावा देना रहा।


