बस्ती। शहीद सत्यवान सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में बुधवार को आयोजित मंडलीय स्तरीय माध्यमिक विद्यालयीय क्रिकेट प्रतियोगिता में बस्ती की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-19 बालक और सीनियर वर्ग का खिताब अपने नाम किया। अंडर-19 में बस्ती ने सिद्धार्थनगर को छह विकेट से हराया, जबकि सीनियर वर्ग के फाइनल में संतकबीरनगर को 18 रन से शिकस्त दी। अंडर-17 बालक वर्ग में सिद्धार्थनगर की टीम विजेता रही।
राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खलीलपट्टी के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी दिलीप कुमार, राजकीय इंटर कॉलेज बस्ती के प्रधानाचार्य डॉ. विजय प्रकाश और आयोजक विद्यालय के प्रधानाचार्य उदयभान सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व पूजन कर तथा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। प्रतियोगिता में बस्ती, सिद्धार्थनगर और संतकबीरनगर के खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्गों में प्रतिभाग किया। अंडर-19 बालक वर्ग के उद्घाटन मुकाबले में सिद्धार्थनगर ने निर्धारित 10 ओवर में चार विकेट खोकर 79 रन बनाए। जवाब में बस्ती ने नौ ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 82 रन बनाकर छह विकेट से जीत दर्ज की। बस्ती की ओर से पवन ने 24 और प्रिंस यादव ने 27 रन बनाए। सिद्धार्थनगर के सलीम ने 49 रन बनाने के साथ दो विकेट भी हासिल किए। अंडर-17 बालक वर्ग में सिद्धार्थनगर ने बस्ती को 19 रन से पराजित किया। इस वर्ग में दो टीमों के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें सिद्धार्थनगर को प्रथम और बस्ती को द्वितीय स्थान मिला।सीनियर वर्ग का फाइनल मुकाबला बस्ती और संतकबीरनगर के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बस्ती ने 10 ओवर में 67 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी संतकबीरनगर की टीम निर्धारित ओवरों में 49 रन ही बना सकी। इस तरह बस्ती ने 18 रन से जीत हासिल की। इस वर्ग में बस्ती विजेता, संतकबीरनगर उपविजेता और सिद्धार्थनगर तीसरे स्थान पर रहा। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों के चयन की जिम्मेदारी रमेश चंद्र गुप्ता, राकेश कुमार राय, सुशील कुमार चौधरी, सुभाष यादव, आलोक वर्मा और अब्दुल रहमान ने निभाई। प्रतियोगिता जनपदीय सचिव अमित कुमार यादव और प्रभाकर ओझा के नेतृत्व में संपन्न हुई। अंपायर की भूमिका अरविंद शेखर त्रिपाठी, राकेश कुमार चौधरी और विनोद कुमार ने निभाई।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य राजेश सिंह, कृष्ण कुमार पाठक, सुरेंद्र कुमार, राजेश यादव, सुनील विश्वकर्मा, अर्जुन प्रसाद, रामशंकर और मोहम्मद सेराज अहमद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


