रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
सीतापुर। शनिवार को जिलाधिकारी प्रथमेश कुमार ने प्राथमिक विद्यालय सुरैचा-II विकास क्षेत्र कसमंडा पहुंचकर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य के अंतर्गत बूथ का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने फार्म-06 एवं फार्म-07 के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा बूथ पर मतदाताओं की संख्या, मतदाता सूची में नाम जोड़ने एवं नाम हटाने की प्रक्रिया की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने बीएलओ को निर्देशित किया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में विशेष सतर्कता बरती जाए तथा कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहने पाए। जिन पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हट गए हैं, उनके नाम नियमानुसार पुनः सम्मिलित कराने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने घर-घर जाकर लोगों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक करने तथा पुनरीक्षण कार्य का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
एसआईआर के दौरान मतदाता सूची से हटाए गए नामों की भी जांच कर पात्र व्यक्तियों के नाम पुनः सम्मिलित कराने, गांव में जाकर फार्म एकत्रित करने तथा निर्धारित समयसीमा में पुनरीक्षण कार्य पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय सुरैचा-II, विकास क्षेत्र कसमंडा को देखा।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में बच्चों की संख्या एवं उपस्थिति की जानकारी संबंधित शिक्षक से प्राप्त की तथा रसोई में तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं के संबंध में रसोइया से जानकारी ली।
उन्होंने विद्यालय में पेयजल एवं शौचालय की व्यवस्था का भी जायजा लिया। शौचालय में साफ-सफाई संतोषजनक न पाए जाने पर संबंधित को नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
विद्यालय परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने तथा बच्चों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान नायब तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


